Patna News:- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने अखिलेश पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि “क्या अखिलेश यादव अपने कुनबे से बाहर किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का मौका देंगे?”
दरअसल, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर सम्राट चौधरी के पुराने बयान का स्क्रीनशॉट साझा कर उन पर कटाक्ष किया था। इसके जवाब में सम्राट चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को बयानबाजी से बचना चाहिए, क्योंकि उनका पूरा कार्यकाल तीन-तीन ‘सुपर सीएम’ के सहारे चला था। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव, रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव सत्ता पर हावी रहते थे और अब कुनबा और बड़ा हो गया है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि समाजवाद का चोला पहनने वाले अखिलेश यादव सिर्फ बयानवीर हैं। घोटालों और भ्रष्टाचार में लिप्त कांग्रेस और राजद के साथ मिलकर वे बिहार के विकास और यहां की जनता को कमतर दिखाने की कोशिश करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भाजपा और राजग की सरकारें हैं, वहां के विकास की चर्चा पूरे विश्व में होती है।
सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और राजद को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दिल्ली में एक युवराज है, जिसके परिवार ने 55 साल सत्ता पर कब्जा जमाए रखा। दूसरा युवराज बिहार में है, जिसका परिवार 15 साल राज करता रहा। आज तेजस्वी यादव खुद को मुख्यमंत्री बता रहे हैं और कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि लालू यादव बार-बार कहते हैं कि कांग्रेस ने उन्हें जेल में डाला, लेकिन फिर भी वे उसी पार्टी से चिपके रहते हैं।
सम्राट चौधरी ने कहा कि अब बिहार की राजनीति साफ हो चुकी है। यह लड़ाई लालूवाद बनाम मोदी-नीतीशवाद की है। जनता विकास और पारदर्शिता चाहती है और यह केवल भाजपा-राजग सरकार ही दे सकती है।


