Palamu News:- पलामू जिले से सटे बिहार राज्य के अंबा थाना क्षेत्र के संडा बाजार के पास एनएच-139 पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में किशुनपुर गांव निवासी उपेंद्र मेहता की 19 वर्षीय पुत्री और बीए पार्ट-2 की छात्रा चांदनी कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, चांदनी हरिहरगंज स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर साइकिल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम पसर गया।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-139 को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि दिन के समय हाईवा का परिचालन पूरी तरह बंद होना चाहिए क्योंकि आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। साथ ही, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। परिजनों का कहना है कि चांदनी बेहद मेधावी छात्रा थी और पढ़-लिखकर एक बड़ा मुकाम हासिल करना चाहती थी, लेकिन उसकी असमय मौत से परिवार और गांव दोनों को गहरा आघात लगा है।
घटना की सूचना मिलते ही कुटुंबा के सीओ चंद्रप्रकाश, इंस्पेक्टर कुटुंबा, थाना अध्यक्ष इमरान आलम समेत अंबा पुलिस मौके पर पहुंची और कैंप किया। अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने और जाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे सड़क से हटेंगे नहीं। प्रशासन की ओर से लोगों को शांत कराने की कोशिशें जारी हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

