Bhagalpur News:- कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भाजपा ने पटना स्थित सदाकत आश्रम कांग्रेस कार्यालय पर हमला किया। इस घटना में कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ज्योति कुमार सिंह ने शनिवार को भागलपुर में प्रेसवार्ता कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
ज्योति सिंह ने कहा कि जनता का अपार समर्थन देख भाजपा बौखला गई है। उन्होंने कहा – “भाजपा के हमलों से हम न डरेंगे, न रुकेंगे, न झुकेंगे। हमारा काफिला ऐसे ही आगे बढ़ता रहेगा।” उन्होंने दावा किया कि लाखों लोग राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि यह आम मतदाताओं और उनके अधिकारों की लड़ाई है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी फायदे के लिए मतदाताओं की सूची में हेरफेर कर रही है। गुजरात से मतदाताओं को लाकर पंजीकृत करना और बिहार के मतदाताओं का नाम काटना लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और सरकार दोनों पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं।
ज्योति सिंह ने भाजपा नेताओं पर अपमानजनक और घृणित भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद मंच से कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं। “कांग्रेस की विधवा, 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड, जर्सी गाय, सुर्पनखा” जैसे शब्द भाजपा की कार्यशैली को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा में गाली देने वालों की लंबी फेहरिस्त है और पार्टी ऐसे नेताओं को सम्मानित करती है। लेकिन जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।


