Ranchi News:- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार रांची के नगड़ी में रिम्स-2 का निर्माण कराकर दिशोम गुरू शिबू सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अस्पताल हर हाल में बनेगा और राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। डॉ. अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने पर्यटन मंत्री हफीजुल अंसारी के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई और भरोसा दिलाया कि डॉक्टरों की टीम उनके बेहतर इलाज में जुटी हुई है। इस दौरान डॉ. अंसारी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर उन्हें मिली हत्या की धमकी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि गिरीडीह के एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। मंत्री ने कहा कि उनकी किसी से निजी दुश्मनी नहीं है। विपक्षी पार्टियां अक्सर सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें निशाना बनाती हैं। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाला युवक भी जल्द अपनी गलती समझ जाएगा। कोर्ट में पेश हुए मंत्री स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और उनके पिता पूर्व सांसद फुरकान अंसारी शुक्रवार को दुमका की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेश हुए। मामला मधुपुर थाना क्षेत्र का है, जहां वर्ष 2022 में मकबूल हुसैन नामक व्यक्ति ने मंत्री और उनके परिजनों पर गाली-गलौज व मारपीट का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। आरोप यह था कि मंत्री द्वारा खरीदे गए एक मकान में पहले से रह रहे किरायेदार से विवाद हुआ, जिसके बाद यह मामला कोर्ट तक पहुंचा। शुक्रवार को मामले में समझौते के आधार पर गवाही हुई। अदालत ने अगली सुनवाई 10 सितंबर की तारीख तय की है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच मंत्री ने दोहराया कि सरकार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

