East Champaran News:- जिले के राजेपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधियों को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात टल गई। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अभिषेक कुमार, रितेश कुमार और राजेश कुमार (सभी निवासी ग्राम कनकटी, थाना मेहसी, जिला पूर्वी चंपारण), राजा कुमार (ग्राम मठिया परसौनी, थाना मोतीपुर) और सत्यम कुमार (ग्राम झिंगहा, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर) के रूप में हुई है।
राजेपुर थानाध्यक्ष कुमार सौरव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी चार पहिया वाहन से इलाके से गुजरने वाले हैं। इसके बाद सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पांचों को हिरासत में लेकर जब कड़ी पूछताछ की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि वे सभी मुजफ्फरपुर-मोतिहारी फोरलेन पर लूटपाट की योजना बना रहे थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और कई मामलों में ये पहले भी जेल जा चुके हैं।
फिलहाल पुलिस अपराधियों के क्राइम हिस्ट्री को खंगाल रही है और गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और कई घटनाओं में शामिल रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिससे एक बड़ी वारदात होने से पहले ही टल गई। राजेपुर पुलिस ने आश्वस्त किया है कि ऐसे अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
