Araria News:- बिहार-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने एक बार फिर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी ‘ए’ समवाय की टीम ने फुलकाहा थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 किलो गांजा जब्त किया है। सूत्रों के अनुसार, बीती रात पथराहा गांव के मेहता टोला वार्ड संख्या आठ में यह कार्रवाई की गई। यह इलाका भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 190/3 के नजदीक है। जानकारी मिली थी कि नेपाल से गांजा की तस्करी कर भारतीय सीमा में पहुंचाया गया है। सूचना पुख्ता होने के बाद एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और मौके से 25 किलो गांजा बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तस्कर गांजा को नेपाल से भारतीय इलाके में लाकर छिपाकर रखे थे और इसे आगे खपाने की तैयारी थी। लेकिन कार्रवाई से पहले ही सुरक्षा बलों ने इसे जब्त कर लिया। यह बरामदगी सीमा क्षेत्र से लगभग 200 मीटर अंदर भारतीय हिस्से में की गई।
जब्त माल को आवश्यक कार्रवाई के बाद फुलकाहा थाना को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और तस्करों की पहचान करने में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि भारत-नेपाल सीमा पर अररिया जिला हमेशा से ही तस्करों के लिए सक्रिय मार्ग रहा है। यहां आए दिन शराब, मादक पदार्थ और अन्य अवैध सामान की तस्करी की कोशिश होती रहती है। एसएसबी और जिला पुलिस की सतर्कता के चलते लगातार तस्करी के प्रयास नाकाम किए जा रहे हैं।
इस सफलता को एसएसबी और स्थानीय पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिसने न केवल तस्करी रोकने में कामयाबी पाई बल्कि सीमा पार से हो रही अवैध गतिविधियों पर भी सख्त संदेश दिया है।

