Ranchi News:- झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के समापन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार के हर कार्य में खामियां निकालता है और जनता को भड़काने के लिए फंडिंग तक कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार आदिवासी, दलित, किसान और गरीबों के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए काम कर रही है, लेकिन विपक्ष विकास कार्यों की अनदेखी कर सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेक रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन कंपनियां दलालों के माध्यम से काम कर रही हैं और झारखंड देश के बड़े पूंजीपतियों के विकास की कीमत चुका रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि खनन से झारखंड की प्राकृतिक व्यवस्था बर्बाद हो रही है, जिसपर गहन विचार की आवश्यकता है।
हेमंत सोरेन ने भावुक होकर दिवंगत गुरुजी शिबू सोरेन को याद किया और कहा कि पूरे देश ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गुरुजी को भारत रत्न देने का प्रस्ताव रखा और कहा कि यह झारखंडवासियों के लिए गर्व की बात होगी। उन्होंने बताया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने भी गुरुजी के योगदान को याद किया और आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे संवैधानिक संस्थाओं को अपने नियंत्रण में लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष यह मानकर चलता है कि कानून और जांच एजेंसियां उसकी जेब में हैं। इसके बावजूद सरकार मजबूती से खड़ी है और गांव की जनता की सोच के अनुरूप योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में कमजोर वर्ग और आदिवासियों की स्थिति बदतर है, जबकि झारखंड सरकार उनके उत्थान के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष अगर सकारात्मक सोच के साथ आगे आता है, तो सरकार उनके सुझावों को भी मानने के लिए तैयार है।

