Bhagalpur News:- भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को बाढ़ पीड़ितों ने जमकर हंगामा और जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ आने के कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक उन्हें कोई ठोस सरकारी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशासन सिर्फ सामुदायिक किचन के जरिए दो वक्त का खाना उपलब्ध करा रहा था, लेकिन वह भी कई बार अनियमित हो गया। इसके अलावा न तो मुआवजा राशि मिली है और न ही रहने व आवश्यक सामान की कोई ठोस व्यवस्था की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि नाथनगर प्रखंड के कई गांव अब भी बाढ़ के पानी में घिरे हुए हैं। लोग नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं और पीने के पानी से लेकर पशुओं के चारे तक की भारी समस्या झेल रहे हैं।
पीड़ितों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी सिर्फ दौरे पर आते हैं और आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन जमीन पर राहत कार्य नजर नहीं आ रहा। वहीं प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द राहत सामग्री मुहैया कराने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो वे जिला मुख्यालय में भी प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल प्रखंड प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और मुआवजा राशि पहुंचाई जाएगी।


