Araria News;- जिले की जोगबनी थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक की पहचान मो. जावेद (35 वर्ष), पिता मो. इजराजुल, निवासी बथनाहा थाना क्षेत्र के दीपौल वार्ड संख्या-16 के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 195.48 ग्राम स्मैक, एक एंड्रॉयड फोन और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या बीआर 38 क्यू 4725) बरामद किया है। इस संबंध में एसपी अंजनी कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जोगबनी थाना क्षेत्र के गश्ती पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और टिकुलिया जाने वाली सड़क पर चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार एक युवक ने पुलिस को देखकर अचानक अपनी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. जावेद बताया। जब उसकी तलाशी ली गई तो दो प्लास्टिक की थैलियों में रखे करीब 195 ग्राम स्मैक बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से युवक की बाइक और मोबाइल भी जब्त कर लिया। इस मामले में जोगबनी थाना कांड संख्या 95/25 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 8(सी), 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किससे स्मैक लेकर आया और आगे किसे सप्लाई करने वाला था।
जिले में पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है और इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

