Palamu News:-झारखंड के पलामू जिले में बुधवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक छह साल की बच्ची को जहरीले कोबरा ने डस लिया, जिसके बाद परिजन न सिर्फ बच्ची को अस्पताल ले गए, बल्कि उसी कोबरा को भी प्लास्टिक के डब्बे में बंद कर साथ ले आए।
घटना पिपराटाड़ थाना क्षेत्र के गांगो गांव की है। सुबह बच्ची रागिनी कुमारी घर में चौकी पर बैठी थी, तभी कोबरा ने उसे डस लिया। जैसे ही परिवार को पता चला, अफरा-तफरी मच गई। सांप को भागते देख परिजनों ने हिम्मत दिखाई और उसे पकड़कर एक प्लास्टिक डब्बे में बंद कर दिया।
इसके बाद परिजन बच्ची और सांप को लेकर मेदिनीनगर के एमएमसीएच अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में जैसे ही लोगों को पता चला कि सांप भी साथ लाया गया है, हड़कंप मच गया। हालांकि सांप डब्बे में बंद था, इसलिए कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
डॉक्टरों ने बच्ची को तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया और उपचार शुरू किया। फिलहाल बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि उन्होंने सांप को इसलिए पकड़ा ताकि डॉक्टर उसे देखकर जहर की पहचान कर सही इलाज कर सकें।
अस्पताल में मौजूद लोग इस अनोखी घटना को देखकर हैरान रह गए। कई लोग सांप को देखने और उसकी तस्वीर लेने के लिए इमरजेंसी वार्ड के बाहर जुट गए। सोशल मीडिया पर भी इस घटना की चर्चा तेजी से फैल गई है।
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि सांप के काटने पर घबराने के बजाय समय पर इलाज ही जीवन बचा सकता है। डॉक्टरों ने सलाह दी कि ऐसे मामलों में तुरंत मरीज को अस्पताल लाएं और पारंपरिक झाड़-फूंक या देरी करने से बचें।

