East Champaran News:- भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल मैत्री बस से 6 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल के पर्सा जिले में तैनात आर्म्ड पुलिस फोर्स ने वीरगंज से भारत की ओर प्रवेश कर रही भारत-नेपाल मैत्री बस की विशेष जांच की। जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ और तलाशी के दौरान बस में सवार दो यात्रियों के पास से गांजे के पैकेट बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र, मुंबई के रहने वाले अनवर सलाउद्दीन खान और मोहम्मद इकबाल सैयद के रूप में की गई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी गांजे की खेप मुंबई ले जाने की योजना बना रहे थे।
पर्सा जिला आर्म्ड पुलिस फोर्स के डीएसपी सुरज कार्की ने बताया कि बरामद नशीला पदार्थ गांजा है, जिसका कुल वजन 6 किलो 400 ग्राम है। उन्होंने कहा कि नेपाल में नशीले पदार्थों की तस्करी लगातार चुनौती बनी हुई है। इसे रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में जांच अभियान को और सख्त किया जा रहा है।
फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वीरगंज स्थित विर्ता पुलिस कार्यालय को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस घटना से स्पष्ट है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। नेपाल और भारत की संयुक्त पहल से ऐसे मामलों पर और भी सख्ती की जा सकती है।

