East Champaran News;- बिहार पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्राॅड नेटवर्क का खुलासा किया है, जिसका संबंध पाकिस्तान से जुड़ा हुआ पाया गया है। साइबर थाना पुलिस ने एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थानाक्षेत्र के तधवानंदपुर में छापेमारी कर चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अखिलेश कुमार, रोहित कुमार उर्फ शिव, मनीष कुमार और आनंद कुमार शामिल हैं। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पकड़े गए आरोपियों में अखिलेश और रोहित ने पाकिस्तान से व्हाट्सएप वीडियो कॉलिंग पर साइबर ठगी की ट्रेनिंग ली थी। पूछताछ के दौरान पुलिस को दो पाकिस्तानी नंबर मिले, जिनसे ये ठग बातचीत करते थे। पुलिस ने इन नंबर्स की जांच शुरू कर दी है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। जब्त सामान में दो लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन, 26 सिम कार्ड, 62 डेबिट कार्ड, छह बैंक पासबुक, दो आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, एक ई-श्रम कार्ड और कई बैंकों से डिजिटल ट्रांजैक्शन डिटेल शामिल हैं।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब मोतिहारी के अगरवा मोहल्ला निवासी एक महिला ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि बदमाशों ने उसके विदेश में रहने वाले रिश्तेदार की फर्जी आईडी बनाकर एक लाख बीस हजार रुपये की मांग की। धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर जान से मार देंगे। डरी सहमी महिला ने बदमाशों के खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए और फिर पुलिस को सूचित किया।
शिकायत मिलते ही डीएसपी अभिनव परासर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। त्वरित तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन साइबर अपराधियों के खिलाफ बिहार के अलावा पंजाब, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल समेत कई राज्यों में केस दर्ज हैं।
पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क और पाकिस्तानी लिंक की गहन जांच कर रही है।

