Chaibasa News:- पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोंगरा इलाके में फुटबॉल टूर्नामेंट की आड़ में अवैध जुए का खेल खुलेआम संचालित हो रहा है। लगातार बारिश के बावजूद बीते दो दिनों से यहां हब्बा-डब्बा समेत अन्य जुआ गतिविधियां धड़ल्ले से चल रही हैं। इस मामले में प्रशासन और पुलिस की चुप्पी पर एंटी करप्शन ऑफ इंडिया ने कड़ा ऐतराज़ जताया है। संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रामहरि गोप ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर डीसी चाईबासा और चाईबासा पुलिस को टैग करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
रामहरि गोप का कहना है कि मोंगरा ही नहीं, बल्कि जिले के कई थाना क्षेत्रों में भी फुटबॉल टूर्नामेंट के नाम पर बड़े पैमाने पर जुए के अड्डे चल रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में पूर्व में उपायुक्त को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
गोप ने प्रशासन से मांग की है कि जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल हटाया जाए और जिलेभर में ऐसे सभी स्थलों पर स्वतंत्र जांच के साथ छापेमारी की जाए। उनका कहना है कि अवैध धंधे को संरक्षण देने वाले प्रभावशाली लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जिला प्रशासन और पुलिस ने शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं की, तो एंटी करप्शन ऑफ इंडिया जनआंदोलन छेड़ने को बाध्य होगा। फिलहाल इस मुद्दे ने पूरे जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है और लोग प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

