Araria News:- बिहार में जारी कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ रविवार को अररिया पहुंची। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार, भाजपा और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। सभा में राहुल गांधी ने दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
पूर्णिया से अररिया जीरो माइल पहुंचे काफिले का महागठबंधन दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराएं चल रही हैं। एक संविधान की, दूसरी भेदभाव की। भाजपा चाहती है कि दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की आवाज दबाई जाए।
उन्होंने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा, “यह संविधान बचाने की लड़ाई है। संविधान कहता है कि हर नागरिक को एक वोट मिलेगा। चाहे वह अंबानी का बेटा हो या किसी गरीब का।” राहुल ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में भाजपा ने वोट चोरी की और बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर 65 लाख वोट काटे गए। जीवित लोगों को मृत दिखा दिया गया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे।
राहुल गांधी ने बेरोजगारी और पलायन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि “देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी बिहार में है। यहां के लोग दूसरे राज्यों में मजदूरी करने जाते हैं। बिहार में ही रोजगार उपलब्ध कराना होगा।” उन्होंने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गरीब किसानों का कर्ज उनकी मृत्यु के बाद भी माफ नहीं होता, लेकिन अरबपतियों का कर्ज आसानी से माफ कर दिया जाता है।
अग्निवीर योजना पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं का भविष्य छीन लिया है। पब्लिक सेक्टर की जगह प्राइवेट सेक्टर को बढ़ावा देकर 10-15 लोगों के हाथों में देश की संपत्ति सौंपी जा रही है।
इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि एसआईआर के जरिए केंद्र सरकार “वोट चोरी अभियान” चला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ जुमलेबाजी करती है और विपक्षी नेताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराती है। “हम बिहारी डरते नहीं हैं, बिहार और बिहारियों का अस्तित्व मिटने नहीं देंगे।”
सभा में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, विधायक डॉ. शकील अहमद खान समेत बड़ी संख्या में महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

