East Champaran News:- जिले में पुलिस महकमे पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने गंभीर लापरवाही और भ्रष्ट आचरण के आरोप में कुल पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों पर शराब तस्करों को भगाने, फरियादी से एफआईआर कॉपी के बदले पैसे मांगने और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने जैसे गंभीर आरोप सिद्ध हुए थे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सिकरहना डीएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर कुंडवाचैनपुर थाना में प्रतिनियुक्त प्रोबेशनरी ट्रेनिंग कॉन्स्टेबल (पीटीसी) पंकज कुमार और चौकीदार गुंजन कुमार को निलंबित कर दिया गया। इन दोनों पर आरोप था कि उन्होंने शराब तस्करों को भागने में मदद की।
वहीं, मोतिहारी नगर थाना में थाना मैनेजर के पद पर कार्यरत महिला सिपाही संगीता कुमारी को भी निलंबन का सामना करना पड़ा। नगर थानाध्यक्ष की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि संगीता कुमारी ने खुद को मुंशी बताते हुए एक फरियादी से एफआईआर की कॉपी देने के बदले पैसे की मांग की।
इसके अलावा पकड़ीदयाल डीएसपी की जांच में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर राजेपुर थाना के एएसआई सुरेश कुमार निराला और मधुबन थाना के एसआई मिथिलेश राम को निलंबित कर दिया गया। पुलिस कप्तान ने साथ ही संबंधित थानाध्यक्षों से भी स्पष्टीकरण मांगा है।
पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने साफ संदेश दिया है कि विभाग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और भ्रष्ट आचरण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और विश्वास सर्वोपरि है, और ऐसे पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह कार्रवाई जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
