Patna News:- राजधानी पटना में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शाहजहांपुर-दनियावां-हिलसा स्टेट हाईवे-4 पर सिगरियावा स्टेशन के पास तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में ऑटो सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक सभी नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव निवासी थे। मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, सभी लोग पटना जिले के फतुहा स्थित त्रिवेणी घाट पर गंगा स्नान करने के लिए निकले थे। लौटते समय यह हादसा हो गया।
मृतकों में संजू देवी (60) पत्नी राजेंद्र प्रसाद, दीपिका पासवान (35) पत्नी धनंजय पासवान, कुसुम देवी (48) पत्नी चंद्रमौली पांडेय, कंचन पांडेय (34) पिता परशुराम पांडेय, और ऑटो चालक चंदन कुमार (30) शामिल हैं। इसके अलावा बीरेंद्र राउत की पत्नी, शंभू राम की पत्नी और विकास राम की पत्नी की भी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक (टैंकर) तेज रफ्तार से आ रहा था और चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। परिणामस्वरूप ट्रक ने ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और शव सड़क पर बिखर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शाहजहांपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पटना ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर अक्सर तेज रफ्तार ट्रक गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता।


