East Champaran News:- जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे दो आपराधिक गिरोहों के बीच खूनी गैंगवार हुआ। इस गोलीबारी में कुख्यात अपराधी धनंजय गिरी और उसके साथी गुड्डू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात दरियापुर रामचुनिया मठ के समीप हुई, जब बाइक सवार बदमाशों ने दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गुड्डू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल धनंजय गिरी ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया।
धनंजय गिरी पर हत्या और लूट जैसे कई संगीन मामले पहले से दर्ज थे। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। शुक्रवार सुबह मृतकों के परिजन और ग्रामीणों ने दोनों शवों को भादा चौक पर रखकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोपित बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जांच में सनावर खान नामक इनामी बदमाश का नाम सामने आया है। हरसिद्धि के झाड़वा निवासी सनावर खान पर 25 हजार का इनाम घोषित है। बताया जा रहा है कि उसने ही धनंजय गिरी को फोन कर बुलाया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अरेराज डीएसपी रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी गई है।
एसडीपीओ रवि कुमार ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस को गांव में तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।

