Palamu News:- पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 20 वर्षीय युवक मनु उर्फ मनोज भुइयां की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में उसके मुंहबोले नाना राजेश्वर सिंह (58) और पुत्र जनेश्वर सिंह (34) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 16 अगस्त की रात घटी। पैसों के लेन-देन को लेकर मनु और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। बताया जाता है कि मनु ने अपनी मजदूरी से लगभग 80 हजार रुपये बचाकर राजेश्वर सिंह को घर निर्माण के दौरान दे दिए थे। हाल ही में रक्षाबंधन के मौके पर उसने अपनी बहन से कहा था कि वह पैसा जल्द ही लेकर उसकी शादी करेगा। लेकिन जब मनु ने अपना पैसा वापस मांगा तो इसी बात को लेकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद साजिश के तहत आरोपियों ने शव को बोरी में भरकर करीब सात किलोमीटर दूर भूरी जंगल ले जाकर आग के हवाले कर दिया, ताकि सबूत मिट सके। घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव में मनु की मौत की चर्चा फैली और उसकी बहन ने राजेश्वर सिंह से पूछताछ की। उसने अनभिज्ञता जताई, लेकिन पुलिस की सक्रियता से मामला सामने आ गया।
थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय की अगुवाई में छापेमारी कर शव के जले हुए अवशेष बरामद किए गए। मृतक के चाचा ललन भुइयां की शिकायत पर 20 अगस्त को मामला दर्ज किया गया। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
इस जघन्य हत्या से पूरे भुइयां समाज में आक्रोश फैल गया है। समाज के प्रखंड अध्यक्ष अमारिक भुइयां ने आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने कांड संख्या 111/2025 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

