East Champaran News:- बिहार के वैशाली जिले के साथ ही पूर्वी चंपारण जिले में भी गुरुवार की सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की छापेमारी से हड़कंप मच गया।
एनआईए की टीम ने पूर्वी चंपारण के गोबिंदगंज थाना क्षेत्र के बहादुरपुर पंचायत स्थित खजुरिया गांव में कुख्यात अपराधी राहुल मुखिया के आवास पर छापेमारी की। इसके साथ ही पकड़ीदयाल अनुमंडल के थरबिटिया पंचायत के पूर्व मुखिया छेदी सिंह के घर पर भी कार्रवाई की गई।
राहुल मुखिया, बहादुरपुर पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी के पति हैं और उनका नाम कई आपराधिक वारदातों व विवादित जमीन कारोबार में सामने आ चुका है। वहीं, छेदी सिंह का भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। छापेमारी के दौरान एनआईए ने दोनों परिवारों के सदस्यों से पूछताछ की और मौके से मिले कुछ दस्तावेजों की जांच की। करीब चार से पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद टीम वापस लौट गई।
अपुष्ट सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी म्यांमार से एके-47 की तस्करी मामले से जुड़ी बताई जा रही है। इस मामले में मुजफ्फरपुर के देवमुनि राय (फिलहाल जेल में बंद) से एनआईए ने हाल ही में पूछताछ की थी। माना जा रहा है कि उसके इनपुट पर ही वैशाली और मोतिहारी में कार्रवाई हुई।
इसके अलावा बेउर जेल में बंद हथियार तस्कर अहमद अंसारी, विकास और सत्यम ने भी एनआईए को बताया था कि म्यांमार से मणिपुर व नागालैंड के रास्ते एके-47 के पार्ट्स बड़ी संख्या में बिहार लाए गए थे। इन्हें असेंबल कर कई आपराधिक गिरोहों को बेचा गया। इसी कड़ी में एनआईए की टीम लगातार मुजफ्फरपुर, वैशाली और मोतिहारी सहित कई जिलों में छापेमारी कर रही है।

