Patna News:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को गया में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार को कई बड़ी सौगातें देने जा रहे हैं। इसमें दो सबसे खास परियोजनाएं हैं – गंगा नदी पर बना देश का सबसे चौड़ा छह लेन पुल और बुद्ध सर्किट के सभी प्रमुख स्थलों को जोड़ने वाली नई ट्रेन।
गंगा नदी पर औटा (मोकामा) से सिमरिया (बेगूसराय) के बीच केबल एक्सपैंशन तकनीक से बना छह लेन पुल अब आवागमन के लिए तैयार है। इस पुल की चौड़ाई 34 मीटर है, जो देश के अन्य छह लेन पुलों (29.5 मीटर) से साढ़े चार मीटर ज्यादा है। इससे अधिक वाहनों की आवाजाही सुगमता से हो सकेगी।
पुल की कुल लंबाई एप्रोच समेत 8.150 किमी है, जिसमें गंगा पर 1.86 किमी लंबा हिस्सा शामिल है। निर्माण पर 1,871 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। खास बात यह है कि इसे हैम (हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल) पर बनाया गया है, जिसमें 60 फीसदी राशि निर्माण एजेंसी वहन करती है और बाद में टोल से लागत वसूलती है।
पुल चालू होते ही उत्तर और दक्षिण बिहार की दूरी करीब 100 किमी कम हो जाएगी। साथ ही पश्चिम बंगाल, झारखंड और असम से भी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। यह पुल पुराने दो लेन रेल सह सड़क पुल राजेंद्र सेतु के समानांतर बना है।
2005 से पहले गंगा नदी पर बिहार में केवल चार बड़े पुल थे – बक्सर का वीर कुंवर सिंह सेतु, पटना का महात्मा गांधी सेतु, बेगूसराय का राजेंद्र सेतु और भागलपुर का विक्रमशिला सेतु। लेकिन 2005 के बाद अब तक 14 नए पुल तैयार हो चुके हैं। वहीं, 9 और पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनमें दीघवारा–शेरपुर, कच्ची दरगाह–बिदुपुर, विक्रमशिला समानांतर पुल जैसे मेगा प्रोजेक्ट शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी इस मौके पर बिहार–झारखंड के बुद्ध सर्किट स्थलों को जोड़ने वाली ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन वैशाली से शुरू होकर हाजीपुर, सोनपुर, पटना, फतुहा, बख्तियारपुर, बिहारशरीफ, नालंदा, राजगीर, तिलैया, गया, गुरपा होते हुए झारखंड के कोडरमा तक जाएगी।
वैशाली स्टेशन से ट्रेन सुबह 5:15 बजे खुलेगी और दोपहर 3:15 बजे कोडरमा पहुंचेगी। वापसी में यह कोडरमा से शाम 4:45 बजे खुलेगी और देर रात 2:45 बजे वैशाली लौट आएगी।


