Darbhanga News:- । बिहार के दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के कलम बाग में गुरुवार को एक विवाहिता की अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चंदा कुमारी (विवाह : 19 मई 2021) पत्नी मनोज कुमार मंडल, ग्राम शेरपुर, थाना सकतपुर, जिला दरभंगा के रूप में हुई है।
मृतका के भाई विजय कुमार मंडल, निवासी काको पंचायत, थाना भैरोस्थान, जिला मधुबनी ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बहन की हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद ससुरालवालों ने झूठी सूचना दी कि वह इलाज के लिए उजान अस्पताल में भर्ती है, जबकि हकीकत यह थी कि लाश को गाँव से बाहर कलम बाग में जलाने की कोशिश की गई। जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो अधजली लाश बरामद हुई, जिसका सिर गायब था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेज दिया और मौके पर फॉरेंसिक जांच कराई। सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मृतका की सास सोनी देवी और ननद विभा कुमारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि देवर राजकुमार मंडल, भैसुर मनीष कुमार मंडल और चाचा चिंतेन्द्र मंडल फरार हैं।
मृतका के नाना सीताराम मंडल ने कहा कि लाश का सिर अब तक बरामद नहीं हुआ है और इसकी खोज की मांग की गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही उसका भी पता लगाया जाएगा।
वहीं, मृतका की सास सोनी देवी ने पुलिस को बताया कि चंदा कुमारी ने भाई से विवाद के कारण आत्महत्या की और उन्होंने बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन परिजन इसे पूरी तरह खारिज करते हुए कहते हैं कि यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।


