Patna News:- बिहार के हाजीपुर में मंगलवार तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई की। एनआईए की टीम ने वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित डाक बंगला चौक पर बस स्टैंड संचालक राजू राय के घर सुबह करीब 4:30 बजे छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक, एनआईए की यह कार्रवाई मुजफ्फरपुर में 2024 में हुई एके-47 बरामदगी मामले की जांच से जुड़ी है। छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से पूरे मोहल्ले में सन्नाटा छा गया और लोग दहशत में आ गए।
एनआईए की टीम ने राजू राय के घर की गहन तलाशी ली और उनसे पूछताछ भी की। जांच एजेंसी ने घर के हर कोने की बारीकी से जांच की, हालांकि छापेमारी में क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिसंबर 2024 में एनआईए ने हाजीपुर में एके-47 मामले के सिलसिले में छापेमारी की थी। उस समय एसडीओ रोड स्थित एक अधिवक्ता के घर और बागमली क्षेत्र के एक अन्य घर में रेड की गई थी। करीब चार घंटे तक चली उस कार्रवाई के बाद भी टीम ने कई अहम सुराग जुटाए थे।
इस बार की कार्रवाई को भी उसी जांच की कड़ी माना जा रहा है। एनआईए का मानना है कि हाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों में एके-47 मामले से जुड़े तार हो सकते हैं, जिन्हें सुलझाने की कोशिश लगातार जारी है। छापेमारी खत्म होने के बाद एनआईए की टीम पटना लौट गई है।
एनआईए की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि एजेंसी बिहार में संगठित अपराध और अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार सक्रिय है।


