Patna News:- बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी और दो लाख रुपये के इनामी बदमाश हरेन्द्र चौधरी उर्फ बुटन चौधरी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। रविवार देर रात एसटीएफ की टीम ने मुंबई से सटे पालघर जिले के वसई-विरार इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर उसे दबोचा। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव निवासी बुटन चौधरी का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा रहा है। उस पर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट समेत 15 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। बिहार सरकार ने उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, फिलहाल पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिहार ला रही है। अदालत से उसके खिलाफ कई वारंट पहले से लंबित हैं। पिछले कुछ वर्षों से वह पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
गौरतलब है कि बीते 6-7 अप्रैल की रात एसटीएफ और भोजपुर पुलिस ने बेलाउर गांव स्थित बुटन चौधरी के घर छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने एके-47 रायफल, चार मैगजीन, 43 जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए थे। हालांकि उस समय बुटन पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा, लेकिन उसके भाई उपेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। उपेंद्र की पत्नी उर्मिला देवी वर्तमान में बेलाउर पंचायत की मुखिया हैं।
बुटन चौधरी का नाम कई सनसनीखेज वारदातों में सामने आ चुका है। नौ साल पहले भी उसे हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया गया था। वहीं, वर्ष 2023 में बेलाउर गांव के पूर्व पंचायत समिति सदस्य और मिठाई व्यवसायी दीपक साह की गोली मारकर हत्या में भी उसका नाम सामने आया था। चुनावी रंजिश में हुई इस हत्या का आरोप सीधे बुटन चौधरी गिरोह पर लगा था।
एसटीएफ की इस कार्रवाई से इलाके में दहशत फैलाने वाले बुटन चौधरी के आतंक पर फिलहाल लगाम लग गया है।


