East Champaran News:- मोतिहारी शहर के पंचमंदिर चौक, वार्ड नंबर 20 निवासी सुप्रसिद्ध चित्रकार अनिकेत राज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।अनिकेत राज, दिनेश कुमार और सरिता देवी के सुपुत्र हैं। उन्होंने हाल ही में आयोजित इंटरनेशनल पिकासो आर्ट कॉन्टेस्ट में भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए डायमंड आर्टिस्ट अवॉर्ड जीता। इस प्रतियोगिता में उन्हें 100 में से 85 अंक प्राप्त हुए।
यह प्रतियोगिता जुलाई माह में ऑनलाइन आयोजित हुई थी, जिसमें जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूयॉर्क, मिस्र और लंदन समेत 41 देशों के लगभग 1500 कलाकारों ने हिस्सा लिया था। 11 अगस्त को घोषित परिणाम में अनिकेत राज ने अपनी कला से सबका दिल जीत लिया।
उनकी इस उपलब्धि पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर बुलाकर गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके पुत्र नीरज सिंह और उत्तर प्रदेश चंदौली के पूर्व ज़िला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
अनिकेत राज की सफलता पर स्थानीय लोगों और कला जगत में खुशी की लहर है। परिवार और शुभचिंतकों ने कहा कि अनिकेत ने न सिर्फ जिले का बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
कलाकार अनिकेत राज ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा है। आने वाले समय में वे अपनी कला को और निखारकर भारत का नाम वैश्विक मंच पर चमकाना चाहते हैं।
