Patna News:- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बिहार के बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वैशाली, पटना, बेगूसराय और मुंगेर सहित कई जिलों के प्रभावित इलाकों को ऊपर से देखा और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए।
हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वैशाली जिले के राघोपुर दियारा, पटना जिले के काला दियारा, रूपस महाजी, रामनगर, कसहा दियारा, मोकामा, बाढ़ और फतुहा के टाल क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही बेगूसराय, मुंगेर और भागलपुर के बाढ़ग्रस्त इलाकों की भी स्थिति देखी।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग को सतत मॉनिटरिंग और अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निचले इलाकों में जहां पानी का स्तर बढ़ रहा है, वहां की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। जिलाधिकारी और अभियंतागण प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी करें।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग को भी निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने नाव संचालन, पॉलिथिन शीट्स, राहत सामग्री, दवाओं, पशुचारा, बाढ़ आश्रय स्थल, सामुदायिक रसोई और ड्राई राशन पैकेट्स की व्यवस्था समय पर करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। राहत कार्य संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए, जिससे प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, सचिव कुमार रवि और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह मौजूद थे।


