Patna News:- बिहार में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने गंगा समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर से ऊपर पहुंचा दिया है। पहाड़ों से आ रहे पानी और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश के कारण पटना, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया और कटिहार जैसे जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बाढ़ और बारिश से अब तक राज्य में 19 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें बेगूसराय में सबसे ज्यादा 8 लोगों की मौत हुई है। भागलपुर, सीवान, भोजपुर और खगड़िया में 2-2 लोगों की मौत हुई, जबकि मुंगेर, वैशाली और कटिहार में एक-एक व्यक्ति की जान गई है।
बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 10 लाख से अधिक हो गई है। राज्य सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। एनडीआरएफ की 9वीं बटालियन की 14 टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और दरभंगा, सुपौल, मोतिहारी तथा नालंदा जैसे संवेदनशील जिलों में तैनात किया गया है।
मौसम विभाग ने बिहार के 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है और अगले 48 घंटों तक तेज बारिश, आंधी तथा बिजली गिरने की चेतावनी दी है। पिछले 24 घंटों में कटिहार में 140 मिमी, नालंदा में 70 मिमी और पटना में 57 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शेखपुरा और बांका में भी 65 मिमी बारिश हुई है।
रविवार देर रात पटना, सुपौल, बांका और लखीसराय में मध्यम बारिश हुई, जबकि सोमवार सुबह से सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में मूसलाधार बारिश जारी है।
राजधानी पटना में सोमवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। हवा की रफ्तार 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है और उमस बनी रहेगी। बारिश के बाद मौसम में हल्की ठंडक का अहसास होगा।


