Sarhasa News:- जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर लूट के प्रयास में एक सरकारी शिक्षक को गोली मार दी गई। घटना में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज बैजनाथपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घायल शिक्षक की पहचान विनोद कुमार मंडल के रूप में हुई है, जो मधेपुरा जिले के घैलाढ़ थाना क्षेत्र के भान गांव निवासी हैं। वे वर्तमान में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनचोलहा, सहरसा में पदस्थापित हैं।
पुलिस के मुताबिक, विनोद कुमार मंडल दोपहर करीब 12 बजे बाइक से किसी कार्यवश सहरसा जा रहे थे। जब वे गम्हरिया रेलवे ढाला के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन शिक्षक के विरोध करने पर उनमें से एक ने गोली चला दी, जो उन्हें लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और अपराधियों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि एसपी हिमांशु के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदातें कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने मांग की है कि पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाकर ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करे।

