Seraikela News:- झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में शनिवार तड़के सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। चांडिल रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर पोल संख्या 375/22 के पास दो मालगाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं। हादसा सुबह लगभग 4:15 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक पर मलबा फैल गया, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार, एक मालगाड़ी टाटानगर से बोकारो की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बोकारो से टाटानगर की दिशा में आ रही थी। प्रारंभिक जांच में सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में मदद करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण-पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, दुर्घटना राहत ट्रेन और मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। चालक दल के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और ट्रैक को बहाल करने का काम जारी है।
इस हादसे के चलते चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर सभी यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन रोक दिया गया है। कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है, जबकि कुछ को बीच में ही रोककर शॉर्ट-टर्मिनेट करना पड़ा है। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को हेल्पडेस्क और लगातार अनाउंसमेंट के जरिए जानकारी दी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक बहाली में 24 घंटे से अधिक समय लग सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन से जानकारी लें। इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं, माल परिवहन भी इस घटना से गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है, जिससे उद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला पर असर पड़ सकता है।

