Araria News:- अररिया पुलिस ने पटना की संस्था बाल मित्र संस्थान के सहयोग से फारबिसगंज रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर तीन नाबालिग लड़कियों को अवैध देह व्यापार से मुक्त कराया। इस कार्रवाई में पांच महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। बाल मित्र संस्थान के मनीष कुमार और जितेंद्र कुमार द्वारा दी गई सूचना पर एसपी अंजनी कुमार के निर्देश से डीएसपी हेडक्वार्टर फखरे आलम के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम में महिला थाना, नगर थाना, तकनीकी शाखा और कई अन्य थानों के पुलिस बल शामिल थे।
छापेमारी के दौरान सालो खातून के घर से तीन महिलाओं को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया और तीन नाबालिग बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपितों में सालो खातून, जुगनी खातून, मौसमी खातून, शबनम खातून, हीना खातून और अब्दुल जब्बार शामिल हैं।
फारबिसगंज थाना में इनके खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और आईटीपीए एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार, गिरोह अपहरण, नशीले पदार्थ और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना के जरिए लड़कियों को जबरन देह व्यापार में धकेलता था और ग्राहकों से मोटी रकम वसूलता था।

