Bhagalpur News:- बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज धार में दो महिलाएं बह गईं, जिसमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला की जान स्थानीय चरवाहे की सूझबूझ और बहादुरी से बचाई जा सकी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। वहीं बचाई गई महिला की पहचान मुंगेर के बंगाली टोला निवासी कुमकुम देवी के रूप में हुई है। कुमकुम देवी फूल बेचने के लिए सुल्तानगंज आई हुई थीं। घाट पर उनकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई, जिसने उनसे गंगा स्नान करवाने का अनुरोध किया। दोनों महिलाएं गंगा में उतरीं, लेकिन स्नान के दौरान तेज बहाव में फंस गईं।
तेज धार में सबसे पहले मृतका बह गई। उसे बचाने की कोशिश में कुमकुम देवी भी धार के साथ बहती चली गईं। बताया जाता है कि कुमकुम देवी मृतका के शव को पकड़कर लगभग 5 किलोमीटर दूर तिलकपुर तक पहुंच गईं। इस दौरान वह बीच नदी में जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाती रहीं।
उनकी चीख सुनकर तिलकपुर घाट के पास मौजूद एक चरवाहा तुरंत नदी में उतरा और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। साथ ही मृत महिला का शव भी किनारे ला दिया गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कुमकुम देवी को प्राथमिक उपचार दिया गया और अब उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और तेज धार के कारण स्नान करना बेहद खतरनाक हो जाता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घाट पर सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही स्नान करें।


