East Champaran:– जिले के केसरिया प्रखंड के ताजपुर पटखौलिया पंचायत अंतर्गत लालाछपरा गांव स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लालाछपरा नवीन में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां स्कूल परिसर में लगे आरओ वाटर टैंक से पानी पीने गए तीसरी कक्षा के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रिंस जैसे ही पानी पीने के लिए आरओ टैंक पर हाथ रखा, वह अचानक बिजली की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों पर गंभीर लापरवाही और गैर-जिम्मेदारी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बिजली की लाइन या मशीन में खराबी के बावजूद उचित देखरेख नहीं की गई, जिससे मासूम की जान चली गई।
मौके पर पहुंचे बिजधरी थानाध्यक्ष ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया। इधर, घटना के बाद विद्यालय प्रभारी एचएम अखिलेश कुमार ठाकुर समेत अन्य शिक्षक विद्यालय से गायब बताए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया है।
मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव का माहौल गमगीन है। स्थानीय लोग प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और स्कूलों में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
यह हादसा शिक्षा व्यवस्था में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्कूलों में लगे आरओ सिस्टम और अन्य विद्युत उपकरणों की समय-समय पर जांच और रखरखाव अनिवार्य है, ताकि मासूम बच्चों की जिंदगी को खतरे से बचाया जा सके।