Patna News:- बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विशेष सतर्कता इकाई (SVU) ने शुक्रवार को जहानाबाद में पदस्थापित डीएसपी संजीव कुमार के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ये छापे पटना, खगड़िया और जहानाबाद स्थित उनके आवासीय व अन्य ठिकानों पर एक साथ मारे गए।
SVU ने संजीव कुमार पर 1 करोड़ 52 लाख 42 हजार 469 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप लगाया है, जो उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक बताई गई है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और बीएनएस 2023 की धारा 61(2)(ए) के तहत दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई के लिए विशेष न्यायाधीश, सतर्कता (पटना) की अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया था, जिसके बाद तीनों जिलों में SVU की अलग-अलग टीमों ने सुबह-सुबह दबिश दी। छापेमारी में वरिष्ठ अधिकारी खुद मोर्चा संभालते नजर आए।
अब तक की छापेमारी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री, बैंक खातों की जानकारी, संदिग्ध निवेश से जुड़ी फाइलें, नकदी और महंगे सामान बरामद हुए हैं। SVU की टीम इनकी सटीक गणना और मूल्यांकन कर रही है।
जांच एजेंसी का कहना है कि उनके पास पहले से ही पर्याप्त प्राथमिक सबूत मौजूद थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी पूरी होने के बाद डीएसपी की अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी ने बिहार पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पर इस स्तर के भ्रष्टाचार का आरोप पुलिस विभाग की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।


