Ranchi News;- राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरमू रोड स्थित सहजानंद चौक के पास रविवार को एक बहुमंजिला बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दो स्टेशनरी की दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं और ऊपरी मंजिल पर स्थित मकान भी आग की चपेट में आ गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और लपटों में घिर गई। घटना के समय बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में कुछ लोग सो रहे थे, जो समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा पाए।
सूचना मिलने पर अरगोड़ा थाना पुलिस और दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। थाना प्रभारी ब्रह्मदेव प्रसाद ने बताया कि आग लगने का कारण शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
बिल्डिंग मालिक ने बताया कि आग में स्टेशनरी दुकानों के साथ कई घरेलू सामान भी नष्ट हो गए हैं, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, सही आंकलन जांच के बाद ही सामने आएगा।
खुशकिस्मती रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। फिर भी घटना ने क्षेत्रवासियों को दहशत में डाल दिया है और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
इस खबर को भी पढ़ें : पार्किंग में खड़ी दो कारों से 50 हजार नकद व सामान चोरी,पुलिस जाँच में जुटी
इस खबर को भी पढ़ें : नेपाल से गांजा ला रहे तस्कर को 183.97 किलो गांजा के साथ पुलिस ने दबोचा

