Jamshedpur News:- जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। टीवीएस शोरूम के पास स्थित पार्किंग में खड़ी दो कारों का शीशा तोड़कर चोरों ने 50 हजार रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज और कई कीमती सामान चुरा लिए। गोलमुरी निवासी प्रशांत सुमन और सोनारी निवासी मेघा शॉपिंग के लिए साकची पहुंचे थे। दोनों ने अपनी कारें पार्किंग में पास-पास खड़ी की थीं। जब वे वापस लौटे तो देखा कि उनकी कारों के शीशे टूटे हुए थे और अंदर रखा सामान गायब था।
प्रशांत सुमन ने बताया कि उनकी कार से 50 हजार रुपये नकद, हाल ही में खरीदे गए नए कपड़े और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। वहीं, मेघा ने बताया कि उनकी कार से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, पर्सनल सामान और कागजात चोरी हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पार्किंग में तैनात एक कर्मी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। साथ ही पार्किंग स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हंगामा भी किया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और चोरों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर शहर में सार्वजनिक पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

