Patna News:- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को 01 अणे मार्ग से 71 नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन पुलिस उपाधीक्षक यातायात और राज्य के विभिन्न यातायात थानों को सौंपे गए हैं। इस पहल का उद्देश्य राज्य में यातायात नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण से पहले पुलिस वाहनों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से राज्य के राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा। दुर्घटनाओं की रोकथाम, ट्रैफिक नियमों की निगरानी और पुलिस की दक्षता बढ़ाने में भी इन वाहनों की अहम भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार राज्य में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर है। इन नए संसाधनों के जरिए पुलिस को आधुनिक उपकरणों के साथ कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे पुलिसिंग व्यवस्था में गति आएगी।
इस कार्यक्रम की शुरुआत में राज्य के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इन नए वाहनों की तैनाती से प्रदेश के जिलों में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ सड़क सुरक्षा की दिशा में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
इस खबर को भी पढ़ें : कोर्ट से फरार हुआ मुजफ्फरपुर का कुख्यात अपराधी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप,मुठभेड़ के बाद गिरफ्त में आया था
इस खबर को भी पढ़ें : तेजस्वी यादव का बड़ा बयान: “जब मेरा ही नाम मतदाता सूची में नहीं, तो चुनाव कैसे लड़ूं?”


