Muzaffarpur News:- मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर से शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक कुख्यात अपराधी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। यह घटना उस समय हुई जब उसे जेल से पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। मौका पाकर वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार अपराधी की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई है। बता दें कि कुछ दिन पहले इसी संतोष कुमार का पुलिस के साथ मुठभेड़ हुआ था, जिसमें उसे गोली लगी थी। गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था।
माना जा रहा है कि कोर्ट लाने के दौरान सुरक्षा में चूक हुई, जिसका फायदा उठाकर उसने भागने की योजना को अंजाम दिया। घटना के बाद से पुलिस विभाग में हलचल मच गई है और फरार अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार अपराधी संतोष कुमार पर पहले से कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह क्षेत्र का कुख्यात अपराधकर्मी माना जाता है। उसके भागने से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाना प्रभारी से रिपोर्ट मांगी है और फरार अपराधी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। कोर्ट परिसर जैसी संवेदनशील जगह से इस तरह अपराधी का भाग निकलना पुलिस की लापरवाही को उजागर करता है।
फिलहाल, पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

