Giridih News:- गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के बलगो पंचायत में गुरुवार की रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। जहरीले करैत सांप के डसने से एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बलगो गांव निवासी राजेन्द्र तुरी के 16 वर्षीय बेटी शीतल कुमारी और 13 वर्षीय बेटा बिरेंद्र कुमार रोज की तरह गुरुवार की रात खाना खाकर अपने बिस्तर पर सो गए थे। रात के अंधेरे में एक विषैला करैत सांप चुपचाप उनके बिस्तर में घुस आया और दोनों को डस लिया।
सांप काटने की भनक जब तक परिजनों को लगी, तब तक दोनों बच्चों की हालत बिगड़ चुकी थी। आनन-फानन में परिजनों ने दोनों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, करैत सांप का विष अत्यंत तीव्र होता है और थोड़ी देरी भी जानलेवा साबित हो सकती है।
एक साथ दो बच्चों की मौत से तुरी परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और गांव में सन्नाटा छाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की गंभीरता और तत्काल चिकित्सा व्यवस्था की आवश्यकता को उजागर करती है।

