Palamu News:- पलामू पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस छापेमारी में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो छत्तीसगढ़ से शराब लेकर बिहार की ओर जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक पलामू को 31 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि गढ़वा की ओर से एक कंटेनर (पंजीयन संख्या GJ-39T-0957) में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-98 स्थित चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। पूछताछ में चालक और खलासी ने दावा किया कि वाहन में प्लाईवुड लदा है, लेकिन उनकी गतिविधियों पर संदेह होने पर कंटेनर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि प्लाईवुड के पीछे छिपाकर भारी मात्रा में शराब की पेटियाँ रखी गई थीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम दिया (32 वर्ष) और विजय (34 वर्ष) के रूप में हुई है, दोनों हरियाणा राज्य के निवासी हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे चंदन सिंह नामक व्यक्ति के निर्देश पर यह शराब छत्तीसगढ़ से बिहार ले जा रहे थे।
पुलिस ने नावाबाजार थाना कांड संख्या 58/25 के तहत भारतीय दंड संहिता और झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जब्त शराब में इम्पीरियल ब्लू और मैकडॉवेल ब्रांड की विभिन्न मात्रा की 1,068 पेटियाँ शामिल हैं।
अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मुख्य सरगना चंदन सिंह समेत अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में नावाबाजार थाना की विशेष टीम ने भाग लिया, जिसमें पुलिस निरीक्षक, सशस्त्र बल और गृह रक्षक शामिल थे।

