Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कर शुक्रवार को नई ड्राफ्ट (प्रारूप) मतदाता सूची जारी कर दी है। यह सूची राज्य के सभी जिलों में जिला निर्वाचन पदाधिकारियों द्वारा सार्वजनिक की गई है।
बिहार निर्वाचन विभाग ने बताया कि सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों ने यह सूची संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक ईआरओ (एईआरओ) और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को सौंप दी है। साथ ही, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी इस सूची की प्रति दी जा रही है। राज्य स्तर पर भी राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर आगे की प्रक्रिया साझा की जाएगी।
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर यह सूची अपलोड कर दी गई है, जहां से मतदाता ऑनलाइन अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए https://www.eci.gov.in पर जाएं, अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र चुनें, “Roll Type” में SIR Draft 2025 विकल्प का चयन करें, कैप्चा भरें और फिर अपने बूथ की भाग संख्या चुनकर पीडीएफ फाइल डाउनलोड करें।
यदि मतदाता सूची में कोई गलती हो या आपका या आपके किसी परिजन का नाम दर्ज नहीं हुआ हो, तो घबराने की जरूरत नहीं है। निर्वाचन आयोग ने इसके लिए 2 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है। ये कैंप सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों एवं नगर निकाय कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।
मतदाता इन कैंपों में जाकर अपना नाम जोड़ने, हटवाने या संशोधन कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। ध्यान रहे, आवेदन करते समय आवश्यक पहचान और निवास संबंधी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।


