Patna News:- सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में चलाए गए संयुक्त पुलिस अभियान में अवैध हथियार निर्माण का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुए हथियार बनाने वाले कारोबारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 48 घंटे तक चले इस सघन सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने दो बंदूक, एक देशी कट्टा और कई कारतूस बरामद किए हैं।
एसडीपीओ सदर वन राजीव कुमार सिंह ने पुनौरा थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसपी अमित रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि पुनौरा थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की फैक्ट्री चलाई जा रही है। इस सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ और थानाध्यक्ष आलोक कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
पुनौरा थाना क्षेत्र के रंजीतपुर और रीगा थाना क्षेत्र के गिरमिसानी गांव से दो हथियार सप्लायर गिरफ्तार किए गए। उनकी निशानदेही पर हथियारों को जब्त किया गया। आगे की कार्रवाई में शिवहर जिले से एक कारोबारी को भी पकड़ा गया, जो हथियार बनाने के उपकरणों की आपूर्ति कर रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं, जिनमें ग्राहकों और सप्लायरों की जानकारी वाली एक डायरी, कुरियर से मंगवाए गए हथियारों से जुड़े दस्तावेज, और अन्य सामग्रियां शामिल हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि इस पूरे मामले में अब तक छह लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में छापेमारी जारी है।
यह कार्रवाई जिले में अवैध हथियार कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।


