Ranchi News:- राजधानी रांची के व्यस्त सिरमटोली चौक पर बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक स्कूली छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। ई-रिक्शा से स्कूल जा रही छात्रा को हथियारबंद अपराधियों ने जबरन कार में बैठा लिया और गोलीबारी करते हुए फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और आसपास के 10 जिलों में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। महज दो घंटे के भीतर छात्रा को रामगढ़ जिले के कुज्जू इलाके से बरामद कर लिया गया। पुलिस के दबाव में अपराधियों ने छात्रा को चलती कार से कुज्जू में फेंक दिया और फरार हो गए। हालांकि, छह घंटे के अंदर पुलिस ने चार अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नंबर प्लेट बदलने वाले शख्स को भी पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुद्रांशु विश्वकर्मा, ऋषभ वर्मन, विकास कुमार और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने फर्जी नामों का इस्तेमाल किया था—जैसे हसबुल्ला, सुनील, बिट्टू और प्रीतम। इनके पास से एक हुंडई कार, दो देशी हथियार, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, दो मोबाइल और ₹5200 नगद बरामद किए गए हैं।
डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि फिरौती के लिए छात्रा का अपहरण किया गया था। मुख्य साजिशकर्ता रुद्रांशु एक जिम ट्रेनर है, जो कर्ज में डूबा था और पैसा वसूलने के लिए इस घटना को अंजाम दिया।
इस पूरी कार्रवाई में मांडू थाना प्रभारी सदानंद की बहादुरी सराहनीय रही। पुलिस ने गुप्त सूचना देने वाले नागरिक को सम्मानित करने की बात भी कही है।


