Sarhasa News:- सहरसा जिले की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ₹25,000 इनामी कुख्यात अपराधी बेचन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की जानकारी साइबर डीएसपी श्री अजीत कुमार ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी भवानीपुर थाना (नवगछिया पुलिस जिला) एवं एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम द्वारा की गई। बेचन यादव, जो कि थाना बैजनाथपुर अंतर्गत खजुरी वार्ड संख्या 06 का रहने वाला है, लंबे समय से फरार था और उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भवानीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि बेचन यादव के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं, और वह कई थानों में विभिन्न धाराओं के तहत वांछित रहा है।
प्रेस वार्ता में डीएसपी अजीत कुमार ने यह भी बताया कि जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस ने कई वांछित अपराधियों की सूची तैयार की है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी ने कहा कि अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि किसी को किसी अपराधी की गतिविधि की जानकारी हो, तो वे पुलिस को तुरंत सूचित करें।
गिरफ्तार बेचन यादव को अब न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है, और उससे पूछताछ के आधार पर अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है।

