Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र से लापता युवक छोटू मेहता का शव बिहार के औरंगाबाद जिले में बरामद हुआ है। परिजनों ने शव की पहचान कर ली है और हत्या की आशंका जताई है।
21 वर्षीय छोटू मेहता, बैंक रोड निवासी बिगन मेहता का बेटा था, जो बुधवार शाम को अपने घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार को हैदरनगर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस बीच, रविवार शाम सोशल मीडिया पर एक अज्ञात शव की तस्वीर वायरल हुई, जिसे देखने के बाद परिजनों ने छोटू मेहता की पहचान की पुष्टि की। बताया गया कि शव औरंगाबाद जिले के नबीनगर थाना क्षेत्र के बारा फाटक के पास एक नहर से बरामद किया गया था। शव रस्सी से बंधा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका को बल मिला है।
नबीनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को शव को बरामद कर सदर अस्पताल, औरंगाबाद में पोस्टमार्टम कराया था और शव को सुरक्षित रखा गया था। सोमवार सुबह छोटू के परिजन अस्पताल पहुंचे और उसकी शिनाख्त की।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसी दिन एक स्थानीय युवक छोटू को घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद वह लौटकर नहीं आया। संदेह के आधार पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हैदरनगर थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या किन कारणों से हुई और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं।

