Ranchi News:- बोकारो जिले के तेतुलिया मौजा में हुए चर्चित जमीन घोटाले के दो प्रमुख आरोपितों, इजहार हुसैन और अख्तर हुसैन से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार से बिरसा मुंडा जेल में पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों आरोपित फिलहाल जेल में बंद हैं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में ईडी की जांच के घेरे में हैं।
ईडी को पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत ने 28 से 30 जुलाई तक दोनों से पूछताछ की अनुमति दी है। पूछताछ से पहले ईडी की टीम बिरसा मुंडा कारागार पहुंची और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पूछताछ शुरू की।
बता दें कि यह मामला करीब 107 एकड़ सरकारी वन भूमि की धोखाधड़ी से खरीद-फरोख्त से जुड़ा है, जिसकी जांच पहले से सीआईडी द्वारा की जा रही थी। लेकिन अब इस जमीन घोटाले में पैसे के लेन-देन और संपत्ति के हस्तांतरण को लेकर ईडी ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ईडी ने कोर्ट से पहले एक दिन की पूछताछ की अनुमति ली थी, लेकिन समय कम पड़ने पर दोबारा आवेदन देकर विस्तारित अनुमति मांगी। कोर्ट ने इस पर सहमति जताते हुए तीन दिन की पूछताछ की अनुमति दी और साथ ही निर्देश दिया कि पूछताछ के दौरान आरोपित अपने वकील से दिन में एक बार 15 मिनट के लिए मिल सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि सीआईडी ने दोनों आरोपितों को 12 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तब से वे रांची के बिरसा मुंडा जेल में बंद हैं।
अब ईडी की पूछताछ से यह उम्मीद की जा रही है कि तेतुलिया जमीन घोटाले के पीछे की मनी ट्रेल और बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

