मईयां योजना में गड़बड़ी और तस्करी पर आजसू का सरकार पर हमला
Ranchi News:- झारखंड में आगामी विधानसभा सत्र गरमाने वाला है। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी ने राज्य सरकार की नाकामियों को सदन में प्रमुखता से उठाने का ऐलान किया है। रांची स्थित आजसू मुख्यालय में एक मिलन समारोह के बाद पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को भ्रमित कर सत्ता में आई, लेकिन आज जनहित के मुद्दे पूरी तरह दरकिनार कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आजसू ने सरकार को छह महीने का समय दिया था ताकि वह अपने कामकाज में सुधार करे, लेकिन नौ महीने बीत जाने के बाद भी कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर होती जा रही है। माफिया गिरोह और तस्करी करने वाले खुलेआम सक्रिय हैं। कोयला, बालू और गिट्टी की तस्करी बिना रोकटोक जारी है।
सुदेश महतो ने ‘मईयां योजना’ को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय इस योजना का जमकर प्रचार किया गया, लेकिन अब छह लाख महिलाओं का नाम सूची से हटा दिया गया है, जो बेहद गंभीर मामला है।
इस दौरान आजसू पार्टी में झामुमो और कांग्रेस छोड़कर कई कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर पार्टी को मजबूती दी। इनमें पूर्व मुखिया हरिलाल मुंडा, अमित टोप्पो, मोतीलाल टोप्पो, मो. वसीम, शाहबाज, रवींद्र नाथ चटर्जी, ओमप्रकाश साव समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी का पार्टी द्वारा स्वागत किया गया।

