Chandigarh News:- पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक बड़े हथियार और ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी सीमावर्ती जिला अमृतसर में की गई। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पुष्टि हुई है कि पकड़े गए आतंकी पाकिस्तान में आईएसआई एजेंटों के संपर्क में थे। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार, गोलियां, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान में शामिल है:
एक एके सैगा राइफल,दो ग्लॉक पिस्तौल,कुल 90 जिंदा कारतूस.दस पिस्टल कारतूस,दो और चार की संख्या में मैगजीन,साढ़े सात लाख रुपये ड्रग मनी, एक कार और तीन मोबाइल फोन डीजीपी यादव ने कहा कि यह खेप कुख्यात गैंगस्टर नव उर्फ नव पंडोरी को सौंपी जानी थी, जो जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि यह पूरा नेटवर्क आतंकवाद और गैंगस्टर गिरोहों के गठजोड़ का हिस्सा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि कैसे पाकिस्तानी एजेंसियां पंजाब में अशांति फैलाने की साजिश रच रही हैं। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस आतंकवाद, संगठित अपराध और ड्रग तस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और राज्य की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

