Nalanda News:- नालंदा जिले के एकंगरसराय में एक भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पुराने मित्र और पूर्व विधायक स्व. राजीव रंजन की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। कोल्ड स्टोरेज परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या उमड़ी थी।
मुख्यमंत्री ने जैसे ही राजीव रंजन के चित्र पर पुष्प अर्पित किया, माहौल शोकमग्न हो गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आंखें नम हो गईं और उन्होंने भावुक होकर कहा,
“राजीव जी मेरे सिर्फ राजनीतिक साथी नहीं थे, बल्कि मेरे अभिन्न मित्र भी थे। हमने साथ मिलकर वर्षों तक काम किया। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत बड़ी क्षति है। यह दर्द जीवनभर रहेगा।”
मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता की पत्नी मंजू सिन्हा, पुत्र रुहैल रंजन और पुत्रवधू अर्पणा राठी से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि वे इस कठिन समय में परिवार के साथ हैं।
श्रद्धांजलि सभा में बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, राष्ट्रीय महासचिव अशफाक अहमद, पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी, इंजीनियर सुनील कुमार, सांसद कौशलेन्द्र कुमार और झारखंड के वरिष्ठ विधायक सरयू राय समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए।
राजीव रंजन को एक कुशल संगठक, संवेदनशील जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यों में अग्रणी नेता के रूप में याद किया गया। सभा में मौजूद सभी लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने की बात कही।

