Seraikela-Kharsawan News:- सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत दलाईकला गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे गांव के पास बने एक चेक डैम में नहाने गए छह युवकों में से चार की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान गौरव मंडल, हरिवास दास, सुनील साहू और मनोज साहू के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये सभी युवक गर्मी से राहत पाने के लिए डैम में नहाने पहुंचे थे। जैसे ही चार युवक पानी में कूदे, उनका सिर पानी के भीतर मौजूद किसी कठोर पत्थर से टकरा गया, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में वे डूबने लगे और समय रहते उन्हें बचाया नहीं जा सका।
डैम के किनारे खड़े दो अन्य साथियों ने यह नजारा देखा और तुरंत गांव जाकर लोगों को इसकी सूचना दी। कुछ ही समय में ग्रामीण वहां पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी चारों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही खरसावां थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दर्दनाक हादसे के बाद पूरे दलाईकला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

