Ranchi News:- केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को एक बार फिर जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल मैसेज के जरिए गोली मारने की धमकी दी है। इस गंभीर मामले को लेकर रांची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल संदिग्ध मोबाइल नंबर की बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस नंबर से धमकी दी गई है, उसका पूरा डिटेल निकाला जा रहा है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के माध्यम से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि यह नंबर किसके नाम पर है और इसका इस्तेमाल कहां से किया गया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री फिलहाल दिल्ली में हैं और उन्हें पूरी जानकारी दे दी गई है।
गौरतलब है कि संजय सेठ को इससे पहले भी धमकी मिल चुकी है। दिसंबर 2024 में भी उन्हें एक टेक्स्ट मैसेज भेजकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं देने की सूरत में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस वक्त भी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन अब एक बार फिर उसी तरह की धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
धमकी को लेकर पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है—कहीं यह किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं, या फिर पूर्व की घटना से इसका कोई संबंध है। साइबर सेल के साथ-साथ स्पेशल ब्रांच की टीम भी सतर्क हो गई है।
इस मामले पर अभी तक केंद्रीय मंत्री संजय सेठ की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि वे लगातार रांची पुलिस के संपर्क में हैं। पुलिस जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई की उम्मीद जता रही है

