Ranchi News:- झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2023 में इस बार ‘डीएसपी की पाठशाला’ ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। झारखंड पुलिस के तेजतर्रार अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक विकास चंद्र श्रीवास्तव द्वारा संचालित इस नि:शुल्क पाठशाला से 140 छात्रों ने परीक्षा में सफलता पाई है। इनमें से चार छात्र टॉप-10 में भी शामिल हैं।
इस पाठशाला से परीक्षा पास करने वाले प्रमुख छात्रों में स्टेट टॉपर आशीष अक्षत, दूसरे रैंक पर अभय कुजूर, पांचवें स्थान पर श्वेता और आठवें रैंक पर संदीप प्रकाश शामिल हैं।
डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव को लोग ‘वर्दी वाला टीचर’ के नाम से जानते हैं। वे 2012 से बिना किसी फीस के छात्रों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। उनका यूट्यूब चैनल ‘डीएसपी की पाठशाला’ देशभर में लोकप्रिय है, जहां वे सिविल सेवा की तैयारी कर रहे छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाते हैं।
श्रीवास्तव बताते हैं कि वह दिनभर अपनी ड्यूटी निभाने के बाद, रात के समय छात्रों को पढ़ाते हैं। छुट्टियों के दिन वह अधिक समय देते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कक्षा में केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु जैसे राज्यों के छात्र भी शामिल होते हैं।
उन्होंने बताया कि उनके पिता भी एक शिक्षक थे और समाज सेवा का भाव वहीं से उन्हें मिला। आज वह उसी विचारधारा पर चलते हुए समाज के युवाओं को सशक्त बना रहे हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्य में उन्हें परिवार का भरपूर सहयोग मिलता है।
गौरतलब है कि जेपीएससी ने इस वर्ष 342 पदों के लिए अंतिम सूची जारी की है, जिसमें से 140 छात्र केवल डीएसपी की पाठशाला से चयनित हुए हैं। यह झारखंड में शिक्षा और सेवा की मिसाल बन गया है।

